NCERT Solutions for Class 9 Hindi Kshitiz Chapter 15 मेघ आए

पाठ्यपुस्तक के प्रश्न-अभ्यास

प्रश्न 1.
बादलों के आने पर प्रकृति में जिन गतिशील क्रियाओं को कवि ने चित्रित किया है, उन्हें लिखिए।
उत्तर-
बादलों के आने पर प्रकृति में निम्न गतिशील क्रियाएँ हुई

  • बयार नाचती-गाती चलने लगी।
  • पेड़ झुकने लगे, मानो वे गरदन उचकाकर बादलों को निहार रहे हों।
  • आँधी चलने लगी। धूल उठने लगी।
  • नदी मानो बाँकी नज़र उठाकर ठिठक गई। पीपल का पेड़ झुकने लगा।
  • लताएँ पेड़ों की शाखाओं में छिप गईं।
  • तालाब जल से भर गए।
  • क्षितिज पर बिजली चमकने लगी।
  • धारासार जल बरसने लगा जिसके कारण जगह-जगह से बाँध टूट गए।

प्रश्न 2.
निम्नलिखित किसके प्रतीक हैं?

  1. धूल
  2. पेड़
  3. नदी
  4. लता
  5. ताल

उत्तर-

(1)  – स्त्री

(2) पेड़ – नगरवासी

(3) नदी – स्त्री

(4) लता – मेघ की प्रतिक्षा करती नायिका

(5) ताल – सेवक

प्रश्न 3.
लता ने बादल रूपी मेहमान को किस तरह देखा और क्यों?
उत्तर- लता ने बादल रुपी मेहमान को किवाड़ की ओट से देखा क्योंकि वह मेघ के देर से आने के कारण व्याकुल हो रही थी तथा संकोचवश उसके सामने नहीं आ सकती थी।

प्रश्न 4.
भाव स्पष्ट कीजिए

  1. क्षमा करो गाँठ खुल गई अब भरम की
  2. बाँकी चितवन उठा, नदी ठिठकी, पूँघट सरके।

उत्तर-

  1. नायिका को यह भ्रम था कि उसके प्रिय (मेघ) आएँगे या नहीं, परन्तु बादल रुपी नायक के आने से सारे भ्रम दूर हो गए। अपनी शंका पर दु:ख व्यक्त करती हुई नायिका अपने प्रिय से क्षमा याचना करती है।
  2. मेघ रूपी मेहमान को देखने के लिए नदी रूपी नवविवाहिता ठिठक गई और उसने पूँघट उठाकर मेहमान को देखा।

प्रश्न 5.
मेध रूपी मेहमान के आने से वातावरण में क्या परिवर्तन हुए?
उत्तर- मेघ के आगमन से दरवाज़े-खिड़कियाँ खुलने लगे। हवा के तेज़ बहाव के कारण आँधी चलने लगती है जिससे पेड़ अपना संतुलन खो बैठते हैं, कभी उठते हैं तो कभी झुक जाते हैं। धूल रुपी आँधी चलने लगती है। हवा के चलने से संपूर्ण वातावरण प्रभावित होता है – नदी की लहरें भी उठने लगती है, पीपल का पुराना वृक्ष भी झुक जाता है, तालाब के पानी में उथल-पुथल होने लगती है। अन्तत: बिजली कड़कती है और आसमान से मेघ पानी के रुप में बरसने लगते हैं।

प्रश्न 6.
मेघों के लिए ‘बन-ठने के, सँवर के आने की बात क्यों कही गई है?
उत्तर-
मेघों के लिए ‘बन-ठन के, सँवर के आने की बात इसलिए कही गई है क्योंकि वर्षा के बादल काले-भूरे रंग के होते हैं। नीले आकाश में उनका रंग मनोहारी लगता है। इसके अलावा गाँवों में बादलों का बहुत महत्त्व है तथा उनका इंतजार किया जाता है।

प्रश्न 7.
कविता में आए मानवीकरण तथा रूपक अलंकार के उदाहरण खोजकर लिखिए।
उत्तर-
मानवीकरण-

  • मेघ आए बड़े बन-ठन के सँवर के
  • आगे-आगे नाचती-गाती बयार चली
  • पेड़ झुक झाँकने लगे, गरदन उचकाए
  • धूल भागी घाघरा उठाए
  • बाँकी चितवन उठा, नदी ठिटकी
  • बूढे पीपल ने आगे बढ़कर जुहार की
  • ‘बरस बाद सुधि लीन्हीं
    बोली अकुलाई लता ओट हो किवार की
  • हरसायो ताल लाया पानी परात भर के।

रूपक – क्षितिज-अटारी गहराई।

प्रश्न 8.
कविता में जिन रीति-रिवाजों का मार्मिक चित्रण हुआ है, उनका वर्णन कीजिए।
उत्तर-
कविता में अनेक रीति-रिवाजों का मार्मिक चित्रण हुआ है; जैसे-

  • मेहमान के आने की सूचना पाकर सारा गाँव उल्लसित हो जाना।
  • उत्साहित एवं जिज्ञासु होकर मेहमान को देखना।
  • घर के बुजुर्ग द्वारा मेहमान का आदर-सत्कार करना।
  • मेहमान के पैर धोने के लिए थाल में पानी भर लाना।
  • नवविवाहिता स्त्री द्वारा पूँघट की ओट से मेहमान को देखना
  • मायके वालों की उपस्थिति में नवविवाहिता नायिका द्वारा अपने पति से बात न करना।

प्रश्न 9.
कविता में कवि ने आकाश में बादल और गाँव में मेहमान (दामाद) के आने का जो रोचक वर्णन किया है, उसे लिखिए।
उत्तर- कविता में कवि ने मेघों के आगमन तथा गाँव में दामाद के आगमन में काफी समानता बताई है। जब गाँव में मेघ दिखते हैं तो गाँव के सभी लोग उत्साह के साथ उसके आने की खुशियाँ मनाते हैं। हवा के तेज़ बहाव से पेड़ अपना संतुलन खो बैठते हैं, नदियों तथा तालाबों के जल में उथल-पुथल होने लगती है। मेघों के आगमन पर प्रकृति के अन्य अव्यव भी प्रभावित होते हैं।

ठीक इसी प्रकार किसी गाँव में जब कोई दामाद आता है तो गाँव के सभी सदस्य उसमें बढ़ चढ़कर भाग लेते हैं। स्त्रियाँ चिक की आड़ से दामाद को देखने का प्रयत्न करती है, गाँव के सबसे बुज़र्ग आदमी सर्वप्रथम उसके समक्ष जाकर उसका आदर-सत्कार करते हैं। पूरी सभा का केन्द्रिय पात्र वहीं होता है।

प्रश्न 10.
काव्य-सौंदर्य लिखिए-
पाहन ज्यों आए हों गाँव में शहर के।
मेघ आए बड़े बन-ठन के सँवर के।
उत्तर-
भाव सौंदर्य- इन पंक्तियों में शहर में रहने वाले दामाद का गाँव में सज-सँवरकर आने का सुंदर चित्रण है।
शिल्प-सौंदर्य

  • पाहुन ज्यों आए हों गाँव में शहर के’ में उत्प्रेक्षा अलंकार, ‘बड़े बन-ठनके’ में अनुप्रास तथा ‘मेघ आए बड़े बन-ठन के सँवर के’ में मानवीकरण अलंकार है।
  • भाषा साहित्यिक खड़ी बोली है।
  • रचना तुकांतयुक्त है।
  • दृश्य बिंब साकार हो उठा है।
  • माधुर्य गुण है।

रचना और अभिव्यक्ति

प्रश्न 11.
वर्षा के आने पर अपने आसपास के वातावरण में हुए परिवर्तनों को ध्यान से देखकर एक अनुच्छेद लिखिए।
उत्तर- वर्षा के आने पर वातावरण में गर्मी खत्म हो जाती है, पेड़-पौधें स्वच्छ दिखते हैं, आस-पास के गड्ढों में पानी भर जाता है। सड़क किनारे नालों में पानी भर जाता है, ये पानी सड़क पर आ जाता है। इससे यात्रियों को असुविधा होती है। कभी-कभी अधिक वर्षा होने से सड़क पूरी तरह से पानी में डूब जाती है। उस समय बसों तथा टेक्सियों का आना-जाना भी मुश्किल हो जाता है।

प्रश्न 12.
कवि ने पीपल को ही बड़ा बुजुर्ग क्यों कहा है? पता लगाइए।
उत्तर-
पीपल का पेड़ आकार में विशाल, हरा-भरा, छायादार होने के साथ ही शुभ माना जाता है। पूजा-पाठ और हर मांगलिक कार्यों में इसका पूजन किया जाता है, इसीलिए कवि ने पीपल को ही बड़ा बुजुर्ग कहा है।

प्रश्न 13.
कविता में मेघ को ‘पाहुन’ के रूप में चित्रित किया गया है। हमारे यहाँ अतिथि (दामाद) को विशेष महत्त्व प्राप्त है, लेकिन आज इस परंपरा में परिवर्तन आया है। आपको इसके क्या करण नज़र आते हैं, लिखिए।
उत्तर- हमारी संस्कृति में अतिथि को देव तुल्य माना जाता रहा है – ‘अतिथि देवो भव:’। परन्तु आज के समाज में इस विषय को लेकर बहुत परिवर्तन आए हैं। इसका प्रमुख कारण भारत में पाश्चात्य संस्कृति का आगमन है। पाश्चात्य संस्कृति का अनुकरण करते-करते आज का मनुष्य इतना आत्मकेन्द्रित होता जा रहा है कि उसके पास दूसरों के लिए समय का अभाव हो गया है। इसी कारण आज संयुक्त परिवार की संख्या धीरे-धीरे घटती जा रही है। ऐसी अवस्था में अतिथि का सत्कार करने की परम्परा प्राय: लुप्त होती जा रही है।

भाषा अध्ययन

प्रश्न 14.
कविता में आए मुहावरों को छाँटकर अपने वाक्यों में प्रयुक्त कीजिए।
उत्तर-
कविता में आए मुहावरे और उनका वाक्य प्रयोग-

  • बन-ठनकर आना – व्याह मंडप में सारे लोग बन-ठनकर आए थे।
  • गरदन उचकाना – जादूगर का खेल देखने के लिए बच्चे को बार-बार गरदन उचकानी पड़ रही थी।
  • सुधि लेना – उधार ले जाने के बाद कुछ लोग देने की सुधि नहीं लेते हैं।
  • गाँठ खुलना – गाँठ खुलते ही दोनों के दिल का मैल धुल गया।

प्रश्न 15.
कविता में प्रयुक्त आँचलिक शब्दों की सूची बनाइए।
उत्तर-
आँचलिक शब्दों की सूची-
बन-ठन, पाहुन, घाघरा, पूँघट, जुहार, ओट, किवार, परात, अटारी, भरम।

प्रश्न 16.
मेघ आए कविता की भाषा सरल और सहज है-उदाहरण देकर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर- ‘मेघ आए’ कविता की भाषा सरल तथा सहज है। निम्नलिखित उदाहरणों द्वारा इसे स्पष्ट किया जा सकता है—

(1) मेघ आए बड़े बन-ठन के सँवर के।

(2) पाहुन ज्यों आए हो गाँव में शहर के।

(3) पेड़ झुककर झाँकने लगे गरदन उचकाए।

(4) बरस बाद सुधि लीन्हीं

(5) पेड़ झुककर झाँकने लगें

उपर्युक्त पंक्तियों में ज़्यादातर साधारण बोलचाल की भाषा का प्रयोग किया गया है। कहीं-कहीं पर गाँव का माहौल स्थापित करने के लिए ग्रामीण भाषा, जैसे – पाहुन, सुधि आदि का प्रयोग किया गया है। उसे समझने में कठिनाई नहीं होती है।

पाठेतर सक्रियता

प्रश्न 17.
वसंत ऋतु के आगमन का शब्द-चित्र प्रस्तुत कीजिए।
उत्तर-
छात्र वसंत ऋतु के आगमन संबंधी शब्द चित्र स्वयं प्रस्तुत करें।

प्रश्न 18.
प्रस्तुत अपठित कविता के आधार पर दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए-
धिन-धिन-धा धमक-धमक मेघ बजे
मेघ बजे पंक बना हरिचंदन
दामिनि यह गई दमक मेघ बजे
मेघ बजे हल का है अभिनंदन
दादुर का कंठ खुला मेघ बजे
मेघ बजे धिन-धिन-धा…….
धरती का हृदय धुला

  1. ‘हल का है अभिनंदन’ में किसके अभिनंदन की बात हो रही है और क्यों ?
  2. प्रस्तुत कविता के आधार पर बताइए कि मेघों के आने पर प्रकृति में क्या-क्या परिर्वतन हुए?
  3. “पंक बना हरिचंदन’ से क्या आशय है ?
  4. पहली पंक्ति में कौन-सा अलंकार है?
  5. ‘मेघ आए’ और ‘मेघ बजे’ किस इंद्रिय बोध की ओर संकेत हैं ?

उत्तर-

  1. ‘हल का है अभिनंदन’ में किसान और उसके हल के अभिनंदन की बात हो रही है क्योंकि वर्षा ऋतु आने और बादलों के बरसने पर कृषि का काम शुरू हो जाता है। यह काम हल द्वारा ही किया जाता है।
  2. मेघों के आने पर आकाश में गर्जना होने लगी, बिजली चमकने लगी, मेढक बोलने, धरती धुली-धुली-सी नजर आने लगी और कीचड़ नज़र आने लगा।
  3. वर्षा होने से धरती पर कीचड़ हो गया पर यह कीचड़ त्याज्य नहीं बल्कि ग्राह्य है। इसमें जीवन की आशा छिपी है। यह माथे पर लगाने योग्य होने के कारण हरिचंदन के लेप-सा प्रतीत हो रहा है।
  4. पहली पंक्ति में पुनरुक्ति प्रकाश और अनुप्रास अलंकार है।
  5. ‘मेघ आए’ में दृश्य बिंब’ होने से आँख नामक इंद्रिय बोध की ओर तथा ‘मेघ बजे’ में ‘श्रव्य बिंब’ होने के कारण ‘कान’ नामक इंद्रिय बोध की ओर संकेत है।

प्रश्न 19.
अपने शिक्षक और पुस्तकालय की सहायता से केदारनाथ सिंह की ‘बादल ओ’, सुमित्रानंदन पंत की ‘बादल’ और निराला की ‘बादल-राग’ कविताओं को खोजकर पढ़िए।
उत्तर-
छात्र ‘बादल ओ’, ‘बादल’ और बादल राग कविताओं को स्वयं पढ़ें।